Advertisement

नेपाल के रसुवा में बाढ़ की तबाही: 176 शव बरामद, 28 पुलिसकर्मी अब भी लापता

-नेपाल के रसुवा में बाढ़ की तबाही: 176 शव बरामद, 28 पुलिसकर्मी अब भी लापता

काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ के बाद मलबे और उफनती धाराओं के बीच राहत एवं बचाव दल लगातार शव बरामद कर रहे हैं। नेपाल पुलिस के ताजा अपडेट के अनुसार अब तक 176 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 33 घायल विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं।

आपदा के बीच राहत और बचाव अभियान को तेज कर दिया गया है। नेपाल पुलिस के करीब 3,318 जवान प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। जवान मलबे में दबे लोगों और लापता व्यक्तियों की तलाश के साथ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात 28 पुलिसकर्मियों से अब भी संपर्क नहीं हो सका है। नेपाल पुलिस के अनुसार टिमुरे पुलिस कार्यालय में तैनात 23 जवानों में से 13 से संपर्क हो चुका है, जबकि बाकी जवानों की तलाश जारी है। रसुवागढ़ी पुलिस चौकी के दो में से एक, स्याफ्रुबेँसी के आठ में से पांच, मैलुङ के पांच में से तीन, ब्राबाती के 10 में से दो और हाकु चौकी के छह में से पांच जवानों से संपर्क स्थापित हो चुका है।

बरामद शवों में रसुवा जिले के लोगों के अलावा नुवाकोट, धादिङ, चितवन, गोरखा और तनहुँ समेत अन्य क्षेत्रों के लोग भी शामिल हैं। अलग-अलग जिलों के लोगों के शव मिलने से बाढ़ की भयावहता और इसके व्यापक प्रभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। कई स्थानों पर बाढ़ के कारण रास्ते और संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिससे बचाव अभियान में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं।

नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों को तलाशने, घायलों को उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने की है।