-नलजल योजना के मानदेय भुगतान में गड़बड़ी का आरोप, जिलाधिकारी से शिकायत
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
जिले के बन्दरा प्रखंड अंतर्गत मुन्नी बैंगरी पंचायत के सकरीमन गांव निवासी वार्ड संख्या 11 के जितेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना में अनुरक्षक के रूप में कार्य करने के बावजूद मानदेय नहीं मिलने को लेकर जिलाधिकारी को आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।
दिए गए आवेदन में उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर 2020 को उन्हें योजना के अनुरक्षक पद पर नियुक्त किया गया था। उस समय योजना संचालक द्वारा उन्हें प्रतिमाह ₹5000 सरकारी अनुदान के रूप में भुगतान किए जाने की बात कही गई थी। लेकिन नियुक्ति के बाद से अब तक उन्हें एक भी महीने का मानदेय नहीं मिला है।
जितेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि इस मामले में 6 अक्टूबर 2024 को वार्ड सदस्य शिवनाथ सहनी द्वारा पीयर स्थित बैंक ऑफ इंडिया से ₹25,000 की निकासी की गई।

बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के सामने उन्हें केवल आधी राशि दी गई, जबकि शेष राशि वार्ड सदस्य और पंचायत सचिव शशि कुमार सिंह द्वारा अपने पास रख ली गई।
उन्होंने यह भी बताया कि योजना के संचालन के लिए निर्धारित 6 घंटे से अधिक समय उन्हें प्रतिदिन देना पड़ता है। साथ ही, योजना के संचालन हेतु उन्होंने अपनी निजी खातियानी जमीन का भी स्वेच्छा से उपयोग करने की अनुमति दी है।
आवेदन के माध्यम से उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए बकाया मानदेय राशि जल्द से जल्द दिलाने और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।












