Advertisement

नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, 12 लाख की फर्जी सिगरेट और करोड़ों की मशीनें जब्त

-नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, 12 लाख की फर्जी सिगरेट और करोड़ों की मशीनें जब्त

मुजफ्फरपुर। जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत तुर्की थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध और नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए एक फर्जी सिगरेट निर्माण फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 12 लाख रुपये मूल्य की नकली सिगरेट और निर्माण में इस्तेमाल हो रही करोड़ों रुपये की आधुनिक मशीनें जब्त की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए आईटीसी (ITC) कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि रिशु मिश्रा ने इस अवैध फैक्ट्री के संचालन की लिखित शिकायत मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दी थी। शिकायत के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ (पश्चिमी-2) एसी ज्ञानी और तुर्की थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।


मंगलवार देर रात सकरी सरैया पंचायत के छोटी लुक्किनंदलालपुर स्थित चौड़ में संचालित फैक्ट्री पर छापेमारी की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही फैक्ट्री संचालक और वहां कार्यरत लोग फरार हो गए।
बुधवार को पुलिस आईटीसी कंपनी के अधिकारियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि फैक्ट्री में मशहूर ब्रांड ‘गोल्ड फ्लैक’ के नाम से बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से सिगरेट बनाने वाली अत्याधुनिक मशीनें और 25 कार्टन में पैक लगभग 12 लाख रुपये मूल्य की तैयार नकली सिगरेट बरामद की।
जांच में यह भी सामने आया कि यह अवैध कारोबार ‘एसएमएम टोबैको प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से संचालित किया जा रहा था। संदेह से बचने के लिए फैक्ट्री के मुख्य गेट पर इसी नाम का बोर्ड लगाया गया था। वहीं, गतिविधियों पर नजर रखने के लिए परिसर और आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।
पुलिस ने खुलासा किया कि तैयार माल को रखने के लिए लुक्की क्षेत्र में किराए के दो अलग-अलग मकानों में गोदाम बनाए गए थे। छापेमारी के बाद फैक्ट्री और दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है। साथ ही अंचल कार्यालय से जमीन मालिकों का विवरण मांगा गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार फैक्ट्री संचालकों तथा इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।