Advertisement

दुर्गा पूजा को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, पंडालों में CCTV व अग्निशमन यंत्र अनिवार्य

-दुर्गा पूजा को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, पंडालों में CCTV व अग्निशमन यंत्र अनिवार्य

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी निशा यादव ने की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने किया। बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण तथा थाना क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों के व्यवस्थापक शामिल हुए।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने पूजा पंडाल के व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पंडाल व्यवस्थापक आवेदन के साथ 10 वॉलिंटियरों के नाम और उनके आधार कार्ड की प्रति थाने में जमा करेंगे। पूजा पंडाल का निर्माण ऐसे स्थान पर करने का निर्देश दिया गया, जहां पूर्व में किसी प्रकार का विवाद नहीं रहा हो।

वॉलिंटियरों को शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी देने के साथ संदिग्ध अथवा लावारिस वस्तु मिलने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना देने को कहा गया। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास द्वार की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने सांप्रदायिक या भड़काऊ बातें नहीं करने तथा लाउडस्पीकर पर अश्लील गाने नहीं बजाने की चेतावनी दी। पंडाल के आसपास साफ-सफाई रखने के साथ प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन यंत्र और फायर सिलेंडर रखने को कहा गया। आग से बचाव के लिए बाल्टी में बालू तथा पर्याप्त मात्रा में पानी की व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में पूजा समाप्ति के बाद 21 अक्टूबर, बुधवार को हर हाल में नजदीकी पोखर या नदी में प्रतिमा विसर्जन करने का निर्देश दिया गया। मौके पर सीओ निशा यादव, बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा सहित मुकेश पटेल, तपसी प्रसाद सिंह, राजीव रंजन उर्फ पंकज यादव, अनिल कुमार, प्रेम कुमार यादव, हीरो राय, हरि मंगल राय, अर्जुन सिंह त्यागी, गौरीशंकर पासवान, सीताराम सिंह, शत्रुघ्न सिंह, अरशद हुसैन, छबीला ठाकुर, दीपक वर्मा, शंकर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।