Advertisement

तीन माह में 55 हजार घरों तक पाइपलाइन गैस पहुंचाने का लक्ष्य, डीएम ने दिए निर्देश

-तीन माह में 55 हजार घरों तक पाइपलाइन गैस पहुंचाने का लक्ष्य, डीएम ने दिए निर्देश

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में जिला शहरी गैस अनुश्रवण एवं सहयोग समिति (डीसीजीएमसीसी) की बैठक हुई। बैठक में जिले में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार और उपभोक्ताओं को पाइपलाइन के माध्यम से पीएनजी उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि मुजफ्फरपुर में डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) के निर्धारित 43,259 कनेक्शन के लक्ष्य के विरुद्ध 37,853 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 34,641 कनेक्शन के लिए तैयार हैं, जबकि 20,102 कनेक्शन चालू हो चुके हैं और उपभोक्ताओं को पाइपलाइन से घरेलू गैस की आपूर्ति की जा रही है।


धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए आईओसीएल के अधिकारियों को मिशन मोड में काम कर कनेक्शन की गति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के 55 हजार से अधिक घरों में अगले तीन माह में पाइपलाइन से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए कांट्रैक्टर और मैनपावर की संख्या बढ़ाने का निर्देश भी दिया गया।
डीएम ने पीएनजी-एलपीजी सुरक्षा और गैस लीकेज से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने तथा निर्धारित प्रावधानों के तहत मॉकड्रिल कराने का भी निर्देश दिया।