Advertisement

तिरहुत स्नातक उपचुनाव : अभिषेक झा के नामांकन में दिखी एनडीए की एकजुटता

-तिरहुत स्नातक उपचुनाव : अभिषेक झा के नामांकन में दिखी एनडीए की एकजुटता

मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी अभिषेक झा के नामांकन सह आशीर्वाद समागम में सोमवार को सियासत के कई रंग देखने को मिले। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की।
मोकामा विधायक अनंत सिंह के कथित बागी रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि पार्टी पूरे मामले को देख रही है। यह प्रकरण पार्टी के संज्ञान में है और इस पर नजर बनी हुई है।
विजय चौधरी ने कहा कि स्नातक-शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव आम चुनाव से अलग है। यह बुद्धिजीवियों का चुनाव है। संविधान निर्माताओं ने इसकी कल्पना इसलिए की थी, ताकि पढ़े-लिखे प्रतिनिधि बिहार के हितों को बेहतर ढंग से समझ सकें। उन्होंने अभिषेक झा और शिक्षक प्रत्याशी प्रो. नरेंद्र सिंह को इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बताया।


उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 10 लाख नौकरी के वादे के मुकाबले 12 लाख नौकरियां दी गईं, जबकि 10 लाख रोजगार के लक्ष्य के विरुद्ध 40 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सभी आठ स्नातक-शिक्षक सीटों पर एनडीए प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।
वहीं, संजय झा ने राजद पर शिक्षा के मुद्दे को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद के लोगों का शिक्षा से कोई मतलब नहीं रहा है। उन्होंने नीतीश सरकार की शिक्षक बहाली, साइकिल योजना और शिक्षा बजट में वृद्धि का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
संजय झा ने फरक्का संधि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 12 दिसंबर 2026 को संधि समाप्त हो रही है। बिहार के पानी का हिस्सा तय किए बिना इसका नवीनीकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने अभिषेक झा और प्रो. नरेंद्र सिंह को जिताने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार ने की, जबकि संचालन बिहार मदरसा बोर्ड के सदस्य प्रो. शब्बीर अहमद ने किया।