Advertisement

जनकपुरधाम में धूमधाम से मनाई गई बाबा गणिनाथ गोविंद भगवान की पूजा

-जनकपुरधाम में धूमधाम से मनाई गई बाबा गणिनाथ गोविंद भगवान की पूजा

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के पलवैया धाम के रूप में प्रसिद्ध जनकपुरधाम उप महानगरपालिका-23, बेला स्थित दूधमती नदी के तट पर श्री बाबा गणिनाथ गोविंद भगवान मंदिर में पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पूजा को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नेपाल के साथ-साथ भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए।

पूजनोत्सव के तहत शुक्रवार को मंदिर परिसर में अष्टयाम का आयोजन किया गया। वहीं शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे बाबा गणिनाथ गोविंद भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। राघवेंद्र साह की अगुवाई में भगवान की प्रतिमा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ नगर भ्रमण कराया गया। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

पूजनोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य मेला भी लगाया गया था। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए पूजा समिति की ओर से निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान गणिनाथ गोविंद भगवान और खेमा सती के जीवन पर आधारित लोकगाथा ‘झूमर’ की प्रस्तुति लोक कलाकारों ने की। झूमर गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूजा महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा।

इसी क्रम में जनकपुरधाम के गंगासागर तट स्थित गणिनाथ गोविंद मंदिर में भी कानू हलवाई समाज की ओर से बाबा गणिनाथ गोविंद भगवान की पूजा-अर्चना धूमधाम से आयोजित की गई। यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा में भाग लिया।