Advertisement

पतंग लूटने की होड़ में बच्चों के दो गुट भिड़े, चाइनीज मांझे से दो मासूम घायल

-पतंग लूटने की होड़ में बच्चों के दो गुट भिड़े, चाइनीज मांझे से दो मासूम घायल

मुजफ्फरपुर। बेला थाना क्षेत्र के धीरनपट्टी गांव में शनिवार को पतंग लूटने की होड़ में बच्चों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। खेल-खेल में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान प्रतिबंधित और खतरनाक चाइनीज मांझे की चपेट में आने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बच्चा गर्दन कटने से बाल-बाल बच गया, जबकि दूसरे के हाथ में गहरी चोट आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार धीरनपट्टी इलाके में कुछ बच्चे छतों और खुले मैदान में पतंगबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग को लूटने के लिए कई बच्चे सड़क की ओर दौड़ पड़े। पतंग पर कब्जा जमाने को लेकर बच्चों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

इसी अफरा-तफरी के बीच एक बच्चा खतरनाक चाइनीज मांझे में बुरी तरह उलझ गया। मांझा उसके गले के पास फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होने से बाल-बाल बचा। उसे बचाने पहुंचे दूसरे बच्चे के हाथ में भी मांझे की धार से गहरी चोट लग गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह मांझा काटकर दोनों को बाहर निकाला।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों घायल बच्चों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद बेला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री पर रोक लगाने और इसके इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।