-जनकपुरधाम में खुखुरी से किशोरी की हत्या, मां और बहन गंभीर रूप से घायल
-हत्यारा पूर्व में पत्नी की हत्या में जा चुका है जेल
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर ।
जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका वार्ड नंबर-4 कटैया चौरी में सोमवार की रात करीब 11 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें खुखुरी प्रहार कर एक किशोरी की निर्मम हत्या कर दी गई और उसकी मां एवं बहन को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
मृतका की पहचान इच्छापुर नगरपालिका वार्ड-4 निवासी 15 वर्षीय अंजली कुमारी यादव के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय सूर्यनंद चौधरी के घर में डेरा लेकर अपनी मां और बहन के साथ रह रही थी। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी क्षीरेश्वर नगरपालिका वार्ड-9 निवासी 35 वर्षीय राम बाबू साह है, जिसने अंजली के गले पर खुखुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
हमले में अंजली की मां 34 वर्षीय आशा यादव और 14 वर्षीय राधा यादव भी बुरी तरह घायल हो गईं। दोनों का इलाज जनकपुरधाम प्रादेशिक अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी राम बाबू साह पूर्व में अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में पाँच वर्ष की सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया।
धनुषा पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने पुष्टि की है कि शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह जघन्य अपराध इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गया है। स्थानीय लोगों ने अपराधी को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
#जनकपुरधाम #हत्या #खुखुरी_प्रहार #महिला_हिंसा #नेपाल_समाचार #RamBabuSah #CrimeNews








