Advertisement

जन सुराज पार्टी ने गायघाट में तेज की चुनावी तैयारी, प्रत्याशी चयन को लेकर हुई अहम बैठक

-जन सुराज पार्टी ने गायघाट में तेज की चुनावी तैयारी, प्रत्याशी चयन को लेकर हुई अहम बैठक

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जन सुराज पार्टी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जन सुराज पार्टी के सभी संस्थापक सदस्य, प्राथमिक सदस्य, संभावित प्रत्याशी और संगठन से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक राज्य मुख्यालय से नियुक्त पर्यवेक्षकों की देखरेख में संपन्न हुई।

बैठक के दौरान सभी संभावित प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में अपने विचार रखे। इसके बाद संस्थापक और प्राथमिक सदस्यों ने प्रत्याशी चयन को लेकर अपनी राय बंद लिफाफे में पर्यवेक्षक को सौंपी। पर्यवेक्षक इन रायों के आधार पर अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगे।

जानकारी के अनुसार, जन सुराज पार्टी 3 से 8 अक्टूबर तक राज्य की सभी विधानसभाओं में इस तरह की बैठकें आयोजित कर रही है। इससे पहले दो स्तरों पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों की राय ली जा चुकी है। अब अंतिम चरण में संस्थापक और प्राथमिक सदस्यों से राय लेकर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बैठक में जिलाध्यक्ष मनोज राय, जिला प्रभारी बिपिन चौधरी, संगठन महासचिव सुदर्शन मिश्रा, सभी संभावित उम्मीदवार और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

#जनसुराज_पार्टी #बिहार_चुनाव2025 #गायघाट #मुजफ्फरपुर #चुनावी_तैयारी #प्रत्याशी_चयन #जनसुराज_बैठक