-जन कल्याण शिविर में उठे राशन कार्ड और पेंशन के मुद्दे, विधायक ने त्वरित समाधान का दिया निर्देश
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। बिहार सरकार के जन कल्याण अभियान के तहत राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक महेंद्र राम उपस्थित हुए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित स्टॉल लगाकर आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, अंचलाधिकारी गौरव कुमार, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। विधायक महेंद्र राम ने सभी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिन विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं, उनके अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विधायक ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
शिविर में किसान नेता बिंदेश्वर राय ने सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अनाज की खरीद नहीं होने का मुद्दा उठाया। वहीं दर्जनों महिलाओं ने राशन कार्ड से नाम कटने तथा विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन की राशि नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।

इस पर विधायक महेंद्र राम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों का नाम राशन कार्ड से नहीं हटाया जाए। साथ ही उन्होंने पेंशनधारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा पेंशन राशि खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही सभी लाभार्थियों को उनके खाते में राशि प्राप्त हो जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए भुंजा स्टॉल का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं भुंजा खरीदकर उसका स्वाद लिया और जीविका समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।
मौके पर 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष अवधेश राय, जदयू नेता भीम कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल, बीसीओ अनामिका कुमारी, बीसीएम रामराज सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, पशु चिकित्सक डॉ. गौरी शंकर विद्यार्थी, पीएचईडी जेई निहारिका कुमारी, कनिय विद्युत अभियंता विक्रम कुमार, विकास मित्र राजू कुमार, दिलीप कुमार, चन्द्रकेश्वर कुमार, सरिता कुमारी, बीपीएम राजकुमार साह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में पहल की गई, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य को बल मिला।











