Advertisement

छह दिन में 50 से 70 रुपये किलो पहुंचा भाव, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सरकार सख्त

-छह दिन में 50 से 70 रुपये किलो पहुंचा भाव, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सरकार सख्त

पटना। बिहार में चीनी की कीमतों में अचानक आई तेजी के बाद राज्य सरकार ने कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। खुदरा बाजार में महज छह दिनों में चीनी का भाव 50 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। बढ़ती कीमतों को देखते हुए गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने व्यापारियों के स्टॉक की जांच कराने और जमाखोरी मिलने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यापारी के पास 400 टन से अधिक चीनी का स्टॉक पाया गया तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य बाजार में कृत्रिम रूप से चीनी की कमी पैदा कर कीमत बढ़ाने की कोशिशों पर रोक लगाना है।
गन्ना उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य की सभी चीनी मिलों में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है। ऐसे में बाजार में अचानक कीमत बढ़ने की स्थिति की जांच जरूरी है। सरकार यह पता लगाने में जुटी है कि कीमतों में हुई असामान्य बढ़ोतरी के पीछे वास्तविक कारण क्या है।


सरकार ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, समस्तीपुर और सीतामढ़ी के जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन जिलों में संचालित चीनी मिलों के प्रबंधकों को भी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।
स्टॉक की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए वरीय उप समाहर्ता और ईंख पदाधिकारी की संयुक्त टीम बनाई गई है। यह टीम व्यापारियों और संबंधित प्रतिष्ठानों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करेगी। जांच के दौरान स्टॉक में गड़बड़ी, जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिहार के खुदरा बाजार में पिछले छह दिनों में चीनी की कीमत 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गई है। करीब छह दिन पहले जहां चीनी 50 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वहीं अब इसका भाव 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। अचानक हुई इस बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ा है।
अब सरकार की कार्रवाई और स्टॉक जांच के परिणाम पर नजर है। जांच से यह स्पष्ट होगा कि चीनी के दाम में अचानक हुई तेजी के पीछे आपूर्ति से जुड़ी वास्तविक समस्या है या फिर जमाखोरी और कालाबाजारी के जरिए बाजार में कृत्रिम कमी पैदा की गई है।