दत्तकग्रहण कार्यक्रम की समीक्षा
-छह जिलों के अधिकारियों को जनजागरूकता बढ़ाने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। दत्तकग्रहण कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन एवं संबंधित हितधारकों के सशक्तिकरण को लेकर सोमवार को जिला सभागार, मुजफ्फरपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला बाल संरक्षण इकाई, मुजफ्फरपुर की ओर से केंद्रीय दत्तकग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA), नई दिल्ली की सीनियर प्रोफेशनल अभिसारिका राय के निर्देशन तथा राज्य दत्तकग्रहण संसाधन अभिकरण की कार्यक्रम प्रबंधक कविता कुमारी एवं कार्यक्रम अधिकारी विवेक रंजन सिंह के समन्वय में किया गया।
बैठक में मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिलों के जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति और बाल देखरेख संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सभी छह जिलों में दत्तकग्रहण कार्यक्रम के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही मिशन वात्सल्य पोर्टल के तकनीकी पहलुओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को दी गई।

हितधारकों को विधिक दत्तकग्रहण के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन बाल संरक्षण पदाधिकारी राकेश कुमार ने किया। प्रभारी सहायक निदेशक अभिषेक कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), संबंधित जिलों के सहायक निदेशक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, बाल गृह एवं बालिका गृह के अधीक्षक तथा विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थानों के समन्वयक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।












