-घोसरामा कबड्डी लीग में महादेव युवा क्लब मतलुपुर ने घोसरामा यूनाइटेड को हराकर जीता ट्रॉफी
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के मतलूपुर पंचायत अंतर्गत घोसरामा नवयुवक पुस्तकालय पर सोमवार को घोसरामा कबड्डी लीग का आयोजन किया गया। एक दिवसीय नॉकआउट कबड्डी टूर्नामेंट में अंतरजिला क्षेत्र के 7 टीमों ने हिस्सा लिया। अपने नॉकआउट मैच जीतने के बाद घोसरामा यूनाइटेड, ग्रीन वैली, केवी मुजफ्फरपुर और महादेव युवा क्लब, मतलुपुर की टीम सेमीफाइनल में पहुंची। पहले सेमीफाइनल में घोसरामा यूनाइटेड की टीम ने शानदार मुकाबले में ग्रीन वैली की टीम को 18-11 से हराया, वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले के रोमांचक मैच में महादेव युवा क्लब, मतलुपुर की टीम ने केवी मुजफ्फरपुर को 32-30 से हराया।

फाइनल मुकाबला घोसरामा यूनाइटेड और महादेव युवा क्लब, मतलुपुर के बीच खेला गया। फाइनल के रोमांचकारी मुकाबले में महादेव युवा क्लब, मतलुपुर ने 25-18 से घोसरामा यूनाइटेड को हराकर कप अपने नाम कर लिया। मतलुपुर के पैक्स अध्यक्ष नवीन कुमार और राजीव कुमार के द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी और खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस एकदिवसीय नॉकआउट कबड्डी टूर्नामेंट में कॉमेंटेटर के रूप में छोटू और कैलाश, रेफरी के रूप में आयुष, सुमन, कैलाश और कायम तथा स्कोरर के रूप में सोनू, हिमांशु, एमडी नूर, रेडर सूरज यादव और रेडर राजा चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं आयोजन में तरुण, दीपांशु, सुमन, कुणाल समेत अन्य की सक्रिय भूमिका रही।धन्यवाद ज्ञापन कुंदन कुमार ने किया।ज्ञात हो कि कबड्डी खेल अब ग्रामीण स्तरों पर भी लुप्त होता जा रहा है।ऐसे में ग्रामीण बच्चों के द्वारा किया गया यह आयोजन बच्चों एवं युवाओं में प्रेरक एवं संजीवनी दायक साबित होगा।अंतरजिला क्षेत्रों से जुटे ग्रामीण बच्चों एवं युवाओं में काफी उत्साह का माहौल देखा गया।
















