-गायघाट पुलिस की बड़ी कामयाबी: भागलपुर से सकुशल बरामद हुई लापता बच्ची, नालंदा की अपहृत किशोरी भी मिली
गायघाट/मुजफ्फरपुर।दीपक। मुजफ्फरपुर पुलिस ने अपहरण के एक संवेदनशील मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गायघाट थाना क्षेत्र से लापता हुई बच्ची को भागलपुर जिले के इशीपुर बरहट थाना क्षेत्र के सिवानपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नालंदा जिले से अपहृत एक अन्य बच्ची को भी सुरक्षित बरामद किया, जिससे अभियान को दोहरी सफलता मिली।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 मई 2026 को गायघाट थाना में एक आवेदन प्राप्त हुआ था। आवेदन में वादी ने बताया था कि उनकी बहन 10 मई 2026 से घर से लापता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गायघाट थाना कांड संख्या-136/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-01) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में गायघाट थानाध्यक्ष एवं पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया, जिन्होंने लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया।

जांच के दौरान मिले गुप्त इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने भागलपुर जिले के इशीपुर बरहट थाना क्षेत्र के सिवानपुर गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गायघाट से लापता बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली। मौके से नालंदा जिले से अपहृत एक अन्य बच्ची भी सुरक्षित मिली। उसके संबंध में आवश्यक समन्वय एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने नालंदा पुलिस से संपर्क स्थापित किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियों को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है और मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने इस सफल अभियान को टीमवर्क, त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच का परिणाम बताया है।













