Advertisement

कैमूर पहाड़ी से आई रूह कंपा देने वाली खबर

14 घंटे तक मौत से जूझते रहे 11 लोग

-कैमूर पहाड़ी से आई रूह कंपा देने वाली खबर
-लापरवाही या प्राकृतिक प्रकोप?

संवाददाता। कैमूर।

रोहतास जिले के कोचस के 11 लोग कैमूर पहाड़ी पर स्थित करकटगढ़ जलप्रपात में पिकनिक मनाने गए थे। अचानक पानी बढ़ने से ये लोग फंस गए। 14 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। बताया गया है कि रविवार को कोचस के रहने वाले सभी पर्यटक कैमूर पहाड़ी पर स्थित करकटगढ़ जलप्रपात घूमने गए थे। नहाते वक्त अचानक बारिश होने लगी और जलप्रपात का जलस्तर बढ़ गया। देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज़ हो गया कि सभी लोग फंस गए।
सभी सैलानियों ने अपनी जान बचाने के लिए एक पेड़ को पकड़ लिया और रात वहीं गुजारी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन पानी का स्तर बहुत ज़्यादा होने के कारण बक्सर से और पटना से रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।

लगभग 14 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 11 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया और उनका मेडिकल चेकअप कराया गया। फंसे हुए लोगों में सरोज कुमार, अजीत कुमार, मोहम्मद फिरोज, अरमान अली, निर्भय पांडे, पिंटू चौहान, रोहित कुमार, लाल बाबू सिंह, अरविंद कुमार, वसीम शाही और सरोज कुमार शामिल थे।
डीएफओ चंचल प्रकाश ने बताया कि रविवार को अक्सर सैलानी करकटगढ़ जलप्रपात घूमने आते हैं। कल तेज बारिश होने से जलप्रपात का जलस्तर काफी बढ़ गया था। जैसे ही सूचना मिली, वन विभाग की स्थानीय टीम और पुलिस ने रेस्क्यू शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए बक्सर से एसडीआरएफ और पटना से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। 14 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 11 सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी सैलानी एक पेड़ को पकड़कर सुरक्षित थे। सभी का मेडिकल चेकअप कराया गया, सभी स्वस्थ हैं।