-कांटी में हत्या, चोरी और मारपीट समेत कई मामलों का खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर (कांटी)। कांटी थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई हत्या, चोरी, मारपीट सहित कई आपराधिक घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
कांटी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पश्चिमी वन की एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर कई मामलों की जांच आगे बढ़ी है और जल्द ही अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसडीपीओ ने बताया कि हाल ही में एनटीपीसी कांटी गेट के समीप हुई हत्या की गुत्थी भी पुलिस ने सुलझा ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश का परिणाम थी। घटना का मुख्य आरोपी, जो युवती का प्रेमी बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने कहा कि कांटी थाना क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
प्रेस वार्ता में पुलिस निरीक्षक सह कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।












