Advertisement

कांटी में रेलवे लाइन के पास महिला की लाश मिलने से सनसनी, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

-कांटी में रेलवे लाइन के पास महिला की लाश मिलने से सनसनी, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

कांटी/मुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र के सदातपुर इलाके में सीतामढ़ी-रेलवे लाइन मार्ग के समीप बुधवार को एक अज्ञात महिला की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लाश मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी कांटी थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही कांटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पूरे मामले की जानकारी ली और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान करने और उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।