Advertisement

कांटी में ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों के जागने पर 8-9 बदमाश फरार

-कांटी में ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों के जागने पर 8-9 बदमाश फरार

मुजफ्फरपुर/कांटी। मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के रामनाथ धमौली पूर्वी पंचायत स्थित कलवारी तकिया वार्ड संख्या-6 में गुरुवार की देर रात चोरों ने बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करने का दुस्साहसिक प्रयास किया। हालांकि ट्रांसफार्मर नीचे उतारने के दौरान हुई तेज आवाज से ग्रामीणों की नींद खुल गई, जिसके बाद लोगों के मौके पर पहुंचते ही करीब आठ से नौ की संख्या में मौजूद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चोर पोल पर लगे ट्रांसफार्मर को नीचे उतार रहे थे। ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरते ही तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। शुरुआत में अंधेरे के कारण कुछ दिखाई नहीं दिया, लेकिन जब ग्रामीणों ने सड़क के दूसरी ओर पोल पर नजर डाली तो कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। इसके बाद लोगों ने शोर मचाते हुए उनकी ओर दौड़ लगा दी।


ग्रामीणों ने बताया कि खुद को घिरता देख सभी बदमाश ट्रांसफार्मर छोड़कर पश्चिम मधुवन की ओर भाग निकले। कुछ देर बाद मधुवन हनुमान मंदिर के सामने स्थित गाछी (बगीचे) की ओर से एक चार पहिया वाहन स्टार्ट होने और तेज गति से निकलने की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधी उसी वाहन से फरार हुए।
घटना की सूचना तत्काल कांटी थाना पुलिस को दी गई। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के बिखरे हुए सामान को सुरक्षित स्थान पर रख दिया। वहीं घटनास्थल के पास झाड़ियों से दो जोड़ी चप्पल भी बरामद हुई हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इससे घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती है।
सूचना मिलते ही कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक के निर्देश पर डायल-112 के प्रभारी उदय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और देर रात तक जांच-पड़ताल की।
इधर, घटनास्थल के समीप स्थित गैस एजेंसी के संचालक शशि रंजन कुमार ने बिजली विभाग के पश्चिमी क्षेत्र के एसडीओ और स्थानीय कनीय अभियंता (जेई) को घटना की जानकारी देते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर पोल पर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और शीघ्र बिजली बहाल कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो सुनसान इलाके में अपराधी दोबारा वारदात को अंजाम देने का प्रयास कर सकते हैं।