-कपरपुरा निवासी अनिल कुमार सिंह का हार्ट अटैक से निधन, गांव में शोक की लहर
मुजफ्फरपुर। प्रखंड अंतर्गत रामनाथ धमौली पश्चिमी पंचायत के कपरपुरा निवासी 56 वर्षीय अनिल कुमार सिंह का सोमवार देर शाम हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मिलनसार स्वभाव और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के कारण वे स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार अनिल कुमार सिंह का जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा। करीब 12-13 वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में उनके पुत्र की असमय मौत हो गई थी। इसके एक वर्ष बाद ही सड़क हादसे में उनके छोटे भाई अजय कुमार सिंह का भी निधन हो गया। लगातार दो बड़े हादसों के गहरे आघात के बावजूद अनिल कुमार सिंह ने हिम्मत नहीं हारी और परिवार को संभालते हुए अपने दिवंगत पुत्र तथा भाई के बच्चों की शिक्षा-दीक्षा पर विशेष ध्यान दिया।

परिजनों ने बताया कि उनकी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है कि आज परिवार के सदस्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। उनके पुत्र गौरव ज्ञान और पुत्रवधू दोनों सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं। वहीं भतीजा रांची और भतीजी बेंगलुरु में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
अनिल कुमार सिंह के इकलौते पुत्र गौरव ज्ञान ने बताया कि उनके पिता अपनी भतीजी से बेहद स्नेह करते थे। बेंगलुरु से भतीजी के पहुंचने के बाद उन्हें अंतिम दर्शन कराया जाएगा और इसके बाद मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अनिल कुमार सिंह के निधन की सूचना मिलते ही कृपाशंकर शाही, बिनोद त्रिपाठी, चंदेश्वर ओझा, राजेश चौधरी, विक्रांत कुमार उर्फ पिंकेश सहित सैकड़ों ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उनके पैतृक आवास पहुंचे। लोगों ने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।












