-एमजीसीयू में ‘साथी हाथ बढ़ाना’ अभियान, छात्रों ने किया सामाजिक सेवा कार्य
मोतिहारी। राजन द्विवेदी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) के सीएसआर सेल की ओर से ‘साथी हाथ बढ़ाना’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ उन्हें सामुदायिक सहभागिता से जोड़ना रहा।
अभियान में प्रबंधन विज्ञान तथा पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के छात्रों और शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्रों ने पौधरोपण एवं पौधों की देखभाल, जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन, कपड़े और अध्ययन सामग्री का वितरण, वंचित बच्चों की मदद तथा बुजुर्गों एवं पड़ोसियों की सहायता जैसे सामाजिक सेवा कार्य किए।
कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों का विकास केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी उनके व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने में मदद करते हैं।

सीएसआर सेल की अध्यक्ष प्रो. सपना सुगंधा ने कहा कि सकारात्मक दिशा में किया गया छोटा-सा प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का अहम हिस्सा है और इससे उनमें सहयोग, संवेदना तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में डॉ. पवन चौरसिया और प्रबंधन विभाग के शोधार्थी रितेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान के माध्यम से छात्रों ने संदेश दिया कि सामाजिक परिवर्तन के लिए बड़े संसाधनों से अधिक सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सामूहिक प्रयास की आवश्यकता होती है।












