–इंटरमीडिएट परीक्षा में विशाखा ने 424 अंक लाकर किया टॉप, क्षेत्र में खुशी की लहर
गायघाट, दीपक कुमार।
गायघाट प्रखंड के शिवदहा बरेल गांव की होनहार छात्रा विशाखा कुमारी ने इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 424 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विशाखा, जो शिक्षक विनय कुमार लाल कर्ण की पुत्री हैं, ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने बधाइयों का तांता लगा दिया है।

विशाखा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता, शिक्षकों और शिशु कल्याण कोचिंग सेंटर के निदेशक विजय कुमार श्रीवास्तव को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और आत्मविश्वास के कारण ही यह मुकाम हासिल कर पाईं।
स्थानीय लोगों ने भी विशाखा की सफलता पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मैट्रिक परीक्षा में भी विशाखा जिले में तीसरे स्थान पर रह चुकी हैं, जो उनकी लगातार मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है।











