-अवैध हथियार मामले में जेल गए होटल संचालक की बढ़ीं मुश्किलें, घर से मिलीं लग्जरी गाड़ियां और संदिग्ध बुलेट
मुजफ्फरपुर। भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजे गए होटल संचालक विकास कुमार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से दो महंगी लग्जरी गाड़ियां और एक संदिग्ध बुलेट बाइक बरामद की गई है। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और नई प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले तुर्की थाना पुलिस ने मधौल क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से विकास कुमार को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, एक राइफल और कुल 48 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे, जिनमें 8 कारतूस पिस्टल के और 40 कारतूस राइफल के थे। इस बड़ी बरामदगी के बाद से ही पुलिस को शक था कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
इसी कड़ी में पुलिस टीम ने एक बार फिर विकास कुमार के आवास पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान दो लग्जरी वाहन और एक बुलेट बाइक संदिग्ध स्थिति में मिली। वाहनों के कागजात में गड़बड़ी और स्पष्ट दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया।

पुलिस को आशंका है कि इन वाहनों का संबंध किसी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से हो सकता है। अब जांच इस दिशा में भी शुरू कर दी गई है कि क्या गिरफ्तार होटल संचालक चोरी की गाड़ियों के किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चंद्र सेज्ञानी ने बताया कि हथियार मामले में विकास कुमार को पहले ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। लेकिन घर से मिली लग्जरी गाड़ियों ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर की जांच कर उनके असली मालिक और स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। खासकर सफेदपोश अपराधियों के बीच बेचैनी देखी जा रही है। एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि आरोपी की आय के स्रोत, संपर्कों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यदि वाहन चोरी गिरोह से संबंध की पुष्टि होती है, तो इस मामले में और भी लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
फिलहाल पुलिस नई प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जेल में बंद विकास कुमार को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुटी हुई है।












