-अलर्ट मोड में अग्निशमन विभाग, फैक्ट्री, कोल्ड स्टोरेज और होटलों का फायर ऑडिट
मुजफ्फरपुर, 13 जून 2026। प्रसाद हॉस्पिटल में हुए अग्निकांड के बाद जिला अग्निशमन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए जिले के विभिन्न अस्पतालों, होटलों, उद्योगों एवं महत्वपूर्ण संस्थानों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला अग्निशमन पदाधिकारी आमिर इसरार के नेतृत्व तथा अग्निशमन पदाधिकारी रामनिवास पाण्डेय की मौजूदगी में जिले के कई संस्थानों का गहन निरीक्षण एवं फायर ऑडिट किया गया। निरीक्षण के दौरान दीघरा स्थित सिद्धि विनायक पत्तल फैक्ट्री, सकरा स्थित मेसर्स सुशांत कोल्ड स्टोरेज सहित अन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
इसके साथ ही कन्हौली चौक, गायघाट, सकरा, मुसहरी, कुढ़नी, बांद्रा तथा कटरा थाना क्षेत्र में मॉक ड्रिल का आयोजन कर लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों की जानकारी दी गई। वहीं मोतीपुर अग्निशमन केंद्र के तहत रतनपुरा स्थित होटल अनन्या तथा पुरानी बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर भी फायर ऑडिट और जागरूकता अभियान चलाया गया।

अग्निशमन अधिकारियों ने संस्थान प्रबंधकों को बिहार अग्निशमन सेवा नियमावली-2021 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक अग्निशमन उपकरण स्थापित करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमावली के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
अभियान के दौरान संस्थान प्रबंधकों, कर्मचारियों और स्टाफ को फायर एक्सटिंग्युशर के उपयोग, अग्निशमन उपकरणों के संचालन, आपातकालीन स्थिति में भवन से सुरक्षित निकासी तथा आग लगने पर तत्काल किए जाने वाले उपायों की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
अग्निशमन विभाग ने लोगों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है। विभाग का संदेश स्पष्ट है—”We Serve To Save”, अर्थात जनता की सुरक्षा और जीवन रक्षा ही उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।










