-अखिल भारतीय किसान महासभा की बैठक, 9 अगस्त के प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए बनी 9 सदस्यीय समिति
राजापाकर (वैशाली)। प्रखंड क्षेत्र की राजापाकर दक्षिणी पंचायत स्थित अवकाश प्राप्त शिक्षक बृजेंद्र प्रसाद सिंह के आवासीय परिसर में बुधवार को अखिल भारतीय किसान महासभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रखंड अध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने की।
बैठक में किसान महासभा के सदस्यता अभियान को तेज करने तथा 9 अगस्त को साम्राज्यवाद विरोध दिवस के अवसर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को सफल बनाने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि राजापाकर हाई स्कूल से जुलूस निकालकर शनिचर हाट तक प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन करने की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सर्वसम्मति से 9 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। इसमें बृजेंद्र प्रसाद सिंह को अध्यक्ष बनाया गया, जबकि राम ललित प्रसाद सिंह, फकीरा सिंह, कपिल देव सिंह, मुख्तार सिंह, चंदेश्वर सिंह, रामप्रवेश सिंह, रामजन्म सिंह और सुरेश सिंह को सदस्य चुना गया।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के जिला सचिव सुमन कुमार ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और घटते मुनाफे के कारण किसान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित 12 सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना और लैंड पूलिंग नीति के माध्यम से बिना उचित मुआवजे के चार लाख एकड़ से अधिक कृषि भूमि कॉर्पोरेट घरानों को देने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता किसानों के हितों के विपरीत है और इससे किसानों पर आर्थिक दबाव और बढ़ेगा।
बैठक को डॉ. भिखारी प्रसाद सिंह, राम इकबाल सिंह और अनिल प्रसाद सिंह सहित अन्य किसानों ने भी संबोधित किया तथा किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।












