– महाशिवरात्रि के मौके पर बाबा खगेश्वर नाथ के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।
मुजफ्फरपुर(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।
महाशिवरात्रि के मौके पर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड के मतलुपुर में स्थित अति प्राचीन बाबा खगेश्वर नाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ अहले सुबह से ही उमड़ने लगी। जलाभिषेक- दर्शन- पूजन करने को लेकर यहां श्रद्धालु अति उत्साहित दिखे। शिवस्थल पर वृहत मेला का भी आयोजन किया गया है।तीन दिवसीय कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही हैं। मंदिर न्यास समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। वहीं हत्था ओपी एवं पियर थाने की पुलिस बलों को भी सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को लेकर सक्रिय देखा गया। मंदिर न्यास समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि मुजफ्फरपुर,दरभंगा तथा समस्तीपुर जिला क्षेत्र के बॉर्डर के इलाकों में यह स्थल है।जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शिव आराधना के सभी खास मौकों,आयोजन-प्रायोजन के मौके पर उड़ती रहती हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की वजह से मंदिर स्थल तक पहुंचने वाली सभी सड़कें करीब एक किमी कई घण्टे तक जाम रही। महिला-पुरुष सहित सभी उम्र के श्रद्धालुओं के भीड़ लगातार उमड़ती रही। महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। विभिन्न विधाओं से पूजा आयोजन किया जा रहा है। शिव मंत्रोचार के साथ आराधना की जा रही है। ज्ञात हो कि ऐतिहासिक एवं अतिप्राचीन महत्व के बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर को विश्व प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर जीर्णोद्धार करने की योजना है। जिसकी शुभारंभ 20 मार्च से किया जाना निश्चित हुआ है। जिसमें भारत एवं नेपाल के राष्ट्रीय स्तर के कई मंत्रियों, नेताओं सांसद एवं विधायकों के शामिल होने की संभावना है।














