-आठ वर्षों बाद पहाड़पुर पोखर में फिर गूंजी छठी मैया की महिमा
-आस्था के रंग में रंगा लस्करीपुर
-युवा साथियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से संपन्न हुआ छठ महापर्व का आयोजन -पोखर पर लौटी रौनक
मुजफ्फरपुर। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पर लस्करीपुर स्थित पहाड़पुर पोखर एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग उठा। करीब आठ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस पोखर पर छठ पूजा का भव्य आयोजन किया गया। वर्षों बाद छठ घाट पर लौटी रौनक से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। छठी मैया के गीतों और भगवान भास्कर की उपासना के बीच पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजक सोनू कुमार और उनके युवा सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रत्नेश, विक्की, बबलू, अखिलेश, शिवम, रंजन, विशाल, अभिषेक, मनीष, सुशील एवं श्याम सहित अन्य युवाओं ने आपसी सहयोग और समर्पण से आयोजन को साकार किया। वहीं, समस्त समाज के आशीर्वाद और ग्रामीणों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर सोनू कुमार ने छठ घाट पर पहुंचे सभी छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, संयम और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करना जीवनदायिनी ऊर्जा के प्रति सम्मान का भाव जगाता है। वहीं, उगते और डूबते सूर्य की उपासना जीवन के प्रत्येक चरण के महत्व को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि आठ वर्षों बाद पहाड़पुर पोखर पर छठ पूजा का पुनः आयोजन पूरे समाज की साझा आस्था, एकजुटता और सामूहिक प्रयास का सुखद परिणाम है। आयोजन ने ग्रामीणों के बीच आपसी भाईचारे और सामाजिक सहयोग की भावना को भी मजबूत किया।
अंत में उन्होंने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।











