Advertisement

छठ महापर्व को लेकर गायघाट पुलिस सख्त, कई गांवों में छापेमारी कर देशी शराब के अड्डे किए ध्वस्त

-छठ महापर्व को लेकर गायघाट पुलिस सख्त, कई गांवों में छापेमारी कर देशी शराब के अड्डे किए ध्वस्त

भुसरा, रामनगर, उनसर समेत कई गांवों में पुलिस की कार्रवाई;

शराब धंधेबाजों में मचा हड़कंप, आरोपी फरार

दीपक कुमार/ गायघाट

मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर गायघाट पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल ने भुसरा, रामनगर, उनसर समेत कई गांवों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।


इस दौरान पुलिस ने अवैध देशी शराब निर्माण एवं बिक्री के अड्डों को ध्वस्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी की भनक लगते ही कई धंधेबाज मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब के धंधे में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में भय का माहौल है। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध शराब की सूचना देने और छठ पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में सहयोग करने की अपील की है।