-पूर्णिया के मखाने की ग्रीस तक पहुंच, 1 मीट्रिक टन की खेप निर्यात
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया में उत्पादित मखाने ने अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाते हुए ग्रीस तक दस्तक दी है। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से पूर्णिया से ग्रीस के लिए एक मीट्रिक टन मखाने की खेप निर्यात की गई।
यह पहल बिहार के पारंपरिक मखाना उत्पादकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मखाना बिहार की प्रमुख कृषि उपजों में शामिल है और पूर्णिया सहित उत्तर बिहार के कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में किसान एवं उत्पादक इससे जुड़े हैं।

ग्रीस को मखाने का निर्यात होने से स्थानीय उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिलने की उम्मीद है। इससे मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।
सरकार और संबंधित संस्थाओं की ओर से कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। पूर्णिया से ग्रीस तक मखाने की यह खेप बिहार के स्थानीय उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।












