Advertisement

बाढ़ राहत की जीआर सूची में नाम नहीं होने पर महिलाओं का हंगामा

-बाढ़ राहत की जीआर सूची में नाम नहीं होने पर महिलाओं का हंगामा

दीपक कुमार/गायघाट

गायघाट। बाढ़ राहत राशि के लिए तैयार की गई जीआर सूची में नाम नहीं होने को लेकर बुधवार को शिवदहा पंचायत की महिलाओं का आक्रोश सामने आया। महिलाओं ने पंचायत प्रतिनिधियों से फोन पर बात कर सूची में पात्र प्रभावित परिवारों का नाम शामिल नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। इस दौरान हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

महिलाओं का कहना था कि हाल में आई बाढ़ से उनके घर-परिवार और फसल को भारी नुकसान हुआ है। इसके बावजूद राहत राशि के लिए तैयार सूची में कई वास्तविक प्रभावित परिवारों का नाम शामिल नहीं किया गया है। महिलाओं ने मुखिया से सूची की समीक्षा कर पात्र लाभुकों के नाम जोड़ने और उन्हें जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की।

महिलाओं और मुखिया के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। महिलाओं ने कहा कि राहत वितरण में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और बाढ़ से प्रभावित सभी पात्र परिवारों को सरकारी सहायता का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर जांच कर वास्तविक प्रभावितों के नाम शामिल करने की मांग की।

महिलाओं के विरोध के बाद पंचायत स्तर पर मामले को देखने और पात्र लाभुकों की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया। जीआर सूची को लेकर हुए विरोध के कारण पंचायत में कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।