Advertisement

विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा देश : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

-विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा देश : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, 7 अक्टूबर(दीपक तिवारी)। पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और मशाल प्रज्वलित कर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया। कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए बिहार का समृद्ध और सशक्त होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। बिहार के करीब 89 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। वहीं, जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, हर घर नल का जल, पीएम सूर्य घर योजना सहित विभिन्न योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आए बदलाव का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उपस्थित लोगों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल पर आधारित ‘मोदी @ 25’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल तथा प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद भीम सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।