-बंद पड़ी चीनी मिल में किशोरी से जबरदस्ती के प्रयास का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़ी चीनी मिल परिसर में एक किशोरी के साथ जबरदस्ती के प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में दो युवकों द्वारा किशोरी के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि किशोरी को बंद पड़ी चीनी मिल परिसर में ले जाकर दो युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ युवक मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद किशोरी को बचाया गया। लोगों के पहुंचने की भनक लगते ही दोनों युवक वहां से फरार हो गए।

घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की अभी पुलिस जांच कर रही है।
मामले को लेकर एसडीपीओ वेस्ट-टू सुचित्रा कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस के संज्ञान में आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है।
पुलिस वायरल वीडियो की जांच के साथ उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना की वास्तविक स्थिति, किशोरी और आरोपित युवकों के बीच की परिस्थितियों तथा वारदात में अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में पुलिस की तफ्तीश जारी है।












