Advertisement

फकुली में दरवाजे पर सो रहे सत्तू विक्रेता को गोली लगी, गंभीर

फकुली में दरवाजे पर सो रहे सत्तू विक्रेता को गोली लगी, गंभीर

मुजफ्फरपुर। फकुली थाना क्षेत्र के देवगन गांव में सोमवार सुबह दरवाजे पर सो रहे सत्तू विक्रेता महादेव महतो (55) को गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गये। गोली उनके बाएं कंधे के पीछे लगी, जिससे खून का काफी रिसाव हुआ। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए छाजन स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में खून का रिसाव बंद नहीं होने पर एमआरआई कराने के लिए दूसरे अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों के अनुसार, रात करीब दो बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद महादेव के कंधे के पीछे से खून निकलता देखा गया। फकुली पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से गोली का कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फकुली थाने के प्रभारी कृष्ण कांत मिश्रा ने महादेव के गोली लगने से जख्मी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गोली उनके आंत में फंसी होने की जानकारी मिली है और इलाज जारी है। पुलिस अस्पताल जाकर डॉक्टर से भी जानकारी लेगी, ताकि घटना की स्थिति स्पष्ट हो सके।

पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि गोली कैसे चली और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं। मामले में फिलहाल जांच जारी है।