Advertisement

मुजफ्फरपुर में नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री का खुलासा, 25 लाख की सामग्री बरामद

-मुजफ्फरपुर में नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री का खुलासा, 25 लाख की सामग्री बरामद

मुजफ्फरपुर। जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में आईटीसी कंपनी के ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का पुलिस ने उद्भेदन किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में निर्मित नकली सिगरेट और सिगरेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।


वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आईटीसी लिमिटेड कंपनी को सूचना मिली थी कि मुसहरी थाना क्षेत्र के माधोपुर स्थित श्री लोहिता टोबाको कंपनी में आईटीसी के ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर अवैध रूप से नकली सिगरेट का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद मुसहरी थाना पुलिस और कंपनी की अधिकृत टीम ने चिन्हित परिसर में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में तैयार नकली सिगरेट, सिगरेट बनाने की कच्ची सामग्री और अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि अंकिता त्रिपाठी, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), संजीव कुमार, सदर थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर तथा भवन व जमीन की मालिक सुशीला देवी, पति राजहंस यादव, बैकतपुर, मुसहरी के संरक्षण और सहयोग से कथित रूप से फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था।
पुलिस ने सभी बरामद सामग्रियों को विधिवत जब्त कर मुसहरी थाना में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।