Advertisement

मीनापुर प्रखंड का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण, योजनाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी

-मीनापुर प्रखंड का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण, योजनाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी

मुजफ्फरपुर। उप विकास आयुक्त, मुजफ्फरपुर निशांत सिहारा ने गुरुवार को मीनापुर प्रखंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विकसित भारत जी-राम-जी कार्यालय में प्रखंड स्तरीय कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानव दिवस सृजन, पंचायतवार कार्यों की उपलब्धता, नए एवं पुराने पौधरोपण के वनपोषकों का ससमय भुगतान, श्रमिकों के ई-केवाईसी, आंगनबाड़ी, ग्रामीण हाट तथा कायाकल्प के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के बाद डीडीसी ने विभिन्न पंचायतों में संचालित खेल मैदान, पौधरोपण सहित अन्य विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और आवश्यक सुधार को लेकर संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया।


जांच के दौरान योजना पंजी, कैशबुक एवं एफटीओ पंजी का विभागीय प्रावधान के अनुरूप कार्यक्रम पदाधिकारी एवं लेखापाल द्वारा संधारण नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर संबंधित कर्मियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही भविष्य में सभी पंजियों का ससमय संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
मीनापुर प्रखंड में पदस्थापित सभी पीटीए द्वारा मापी पुस्त का ससमय संधारण नहीं करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित रुचि नहीं लेने पर डीडीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रखंड एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा पाए जाने पर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
डीडीसी ने अधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने, पारदर्शिता बनाए रखने और विकास योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।