-17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, डीएम ने अधिकारियों को दिए सफल संचालन के निर्देश
मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ससमय और सुदृढ़ तैयारी के साथ अभियान का सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में सेवा संकल्प अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
डीएम ने कहा कि अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को उत्सवी माहौल में आयोजित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायतों, गांवों, प्रखंडों और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्राध्यापकों, पत्रकारों, संस्कृतिकर्मियों सहित सभी गणमान्य लोगों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने आम लोगों से भी अभियान का हिस्सा बनकर जनहित की लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं से जीवन स्तर में आए सकारात्मक बदलावों का प्रत्यक्ष अनुभव लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’, 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक ‘सेवा चित्र’, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा स्मरण’, 28 से 30 सितंबर तक ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, 5 से 9 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’, 6 अक्टूबर को ‘सेवा सेतु अभियान’, 15 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग-रंगोली’, हैकाथन एवं इनोवेशन, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ तथा ’25 साल, 25 कहानियां’ शामिल हैं।
अभियान के शुभारंभ पर 17 सितंबर की शाम जिले के प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। जिला स्तर पर साहू पोखर, सदर अस्पताल, न्यायालय परिसर, समाहरणालय-भारत माता पार्क, जुब्बा सहनी पार्क, शहीद बैकुण्ठ शुक्ल स्मारक, गरीब स्थान, मरीन ड्राइव, सरैयागंज टावर और शहीद खुदीराम बोस स्मारक सहित 10 स्थानों का चयन किया गया है। इसके अलावा पंचायत सरकार भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।

‘सेवा चित्र’ के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों तथा विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘सेवा स्मरण’ के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और बदलाव की कहानियों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। 2 अक्टूबर को इसका विशेष मंचन किया जाएगा।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिनों तक बच्चों और माताओं के लिए कार्यक्रम आयोजित होंगे। पोषण, स्वास्थ्य और महिला विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और जन-जागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 6 अक्टूबर को ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से सेवा शिविर लगाकर 26 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों को आवेदन कराने से लेकर योजनाओं का लाभ दिलाने तक की प्रक्रिया को त्वरित रखने का निर्देश दिया गया है।
15 अक्टूबर को प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ‘सेवा के रंग-रंगोली’ कार्यक्रम के तहत परंपरा, प्रकृति, संस्कृति, विकास और विकसित भारत-2047 की थीम पर मानव रंगोली बनाई जाएगी। ‘हैकाथन एवं इनोवेशन’ के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को जोड़कर नए समाधान विकसित करने के लिए प्रतियोगिता आयोजित होगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नोडल पदाधिकारी होंगे, जबकि जिला स्तर पर नियमित पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त को दी गई है।
अभियान की निगरानी के लिए नगर आयुक्त और उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय टास्कफोर्स भी गठित की गई है। इसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। टास्कफोर्स प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा करेगी।













