-57 दिव्यांग बच्चों की हुई जांच, 44 चिन्हित; ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र सहित मिलेंगे उपकरण
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। प्रखंड संसाधन केंद्र राजापाकर परिसर में समावेशी शिक्षा संभाग के अंतर्गत 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए जांच सह मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना था।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में कुल 57 बच्चों की जांच की गई, जिसमें 44 बच्चों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण के लिए चिन्हित किया गया। इनमें सात बच्चों को तीन पहिया साइकिल, सात को व्हीलचेयर, 13 बच्चों को कान की मशीन तथा 13 मानसिक मंदता वाले बच्चों को एमआर किट उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया है। सभी आवश्यक उपकरण कानपुर से निशुल्क मंगाकर बच्चों के बीच वितरित किए जाएंगे।

शिविर में सदर अस्पताल हाजीपुर के ईएनटी चिकित्सक डॉ. सुमित कुमार तथा अनुमंडल अस्पताल महुआ की आई स्पेशलिस्ट डॉ. नेहा कुमारी ने बच्चों की जांच की। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर के डॉ. एसपी उपाध्याय, डॉ. सतीश कुमार वर्मा, पीएचसी महुआ के डॉ. अमर कुमार तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधी रंजन कुमार मौजूद रहे।
दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष जांच दल भी शिविर में उपस्थित रहा। दल में डॉ. राकेश कुमार, संतोष कुमार मिश्रा, वीरेंद्र सिंह यादव, दीपांकर सिंह और प्रेमसागर शामिल थे। वहीं स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर के स्वास्थ्यकर्मियों अनिल कुमार दुबे, नरेंद्र कुमार, बंसी लाल यादव, संतोष कुमार तिवारी, प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।













