Advertisement

जनता दरबार में 29 मामलों की सुनवाई, भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश

-जनता दरबार में 29 मामलों की सुनवाई, भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार को समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जनता दरबार में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में सर्वाधिक मामले भूमि एवं राजस्व से संबंधित रहे। दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण, भू-विवाद और परिमार्जन जैसी समस्याओं को लेकर लोगों ने आवेदन दिया। जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों को संबंधित अंचलाधिकारियों के पास भेजते हुए प्रत्येक मामले का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों का त्वरित और विधिसम्मत समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

जनता दरबार में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अलावा कल्याण विभाग, पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।