-दर्दनाक हादसा: शटरिंग खोलने के दौरान दम घुटने से जीजा-साले की मौत
मुजफ्फरपुर। सिकंदरपुर में एसपी आवास के पास शटरिंग खोलने के दौरान दम घुटने से जीजा और साले की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, घटना की खबर मिलने के बाद दोनों मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि एसपी आवास के पास शटरिंग खोलने के लिए जीजा और साला नीचे गए थे। इसी दौरान दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति आपस में जीजा-साला थे। एक मृतक का घर नेउरा, जबकि दूसरे का घर सरैयादीपुर बताया जा रहा है।

मृतकों में एक की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम एवं अन्य प्रक्रिया के बाद हादसे से जुड़े तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।












