-राहुल नगर रोड नंबर-3 में बना अवैध रोड ब्रेकर, नगर आयुक्त से हटाने की मांग
मुजफ्फरपुर। शहर के वार्ड नंबर-2 स्थित राहुल नगर रोड नंबर-3 में अज्ञात लोगों द्वारा बिना अनुमति बनाए गए रोड ब्रेकर को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त को आवेदन दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सोमवार, 14 सितंबर 2026 की दोपहर सड़क पर अचानक रोड ब्रेकर का निर्माण करा दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोड ब्रेकर के कारण सड़क से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। खासकर रात के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि बारिश होने पर रोड ब्रेकर के दोनों ओर पानी का जलजमाव हो रहा है। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन में परेशानी बढ़ गई है और सड़क की स्थिति भी खराब होने की आशंका है।
राहुल नगरवासियों ने नगर आयुक्त से मामले की जांच कराने और बिना अनुमति बनाए गए रोड ब्रेकर को शीघ्र हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ब्रेकर हटने से दुर्घटना की आशंका कम होगी और जलजमाव की समस्या से भी राहत मिल सकती है। आवेदन के साथ रोड ब्रेकर की तस्वीर भी संलग्न की गई है।












