-गायघाट-मधुरपट्टी घाट नाव हादसे के मृतकों को दी श्रद्धांजलि, निर्माणाधीन पुल का नाम ‘शहीद ब्रिज’ रखने का प्रस्ताव
दीपक कुमार/गायघाट। वर्ष 2023 में मधुरपट्टी-भटगामा गांव के समीप हुए नाव हादसे में मृत लोगों की याद में सोमवार को शोक-श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। चास-वास जीवन बचाओ बागमती संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित सभा में हादसे के मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा की अध्यक्षता राम बाबू राय ने की, जबकि संचालन राहुल कुमार ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गायघाट राजद विधायक निरंजन राय ने कहा कि वर्ष 2023 की नाव दुर्घटना बेहद दुखद थी। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद उन्होंने तत्कालीन उपमुख्यमंत्री एवं पथ निर्माण मंत्री तेजस्वी यादव को घटना की जानकारी दी थी और क्षेत्र में पुल निर्माण की मांग रखी थी। उन्होंने कहा कि उनकी मांग के बाद अब यहां पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।

सभा में निर्माणाधीन पुल का नाम ‘शहीद ब्रिज’ रखने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही नाव हादसे में लोगों की जान बचाने के दौरान शहीद हुए पिंटू सहनी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और उनके नाम पर ‘शहीद पिंटू सहनी द्वार’ का निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई।
मोर्चा के संयोजक सह माले नेता जितेंद्र यादव ने कहा कि पिंटू सहनी क्षेत्र के नायक हैं। ऐसे लोगों को याद करना जरूरी है, ताकि समाज के प्रति समर्पण और जरूरत पड़ने पर लोगों के लिए अपना जीवन तक न्योछावर करने की भावना आने वाली पीढ़ियों में बनी रहे।
श्रद्धांजलि सभा में ठाकुर देवेंद्र कुमार, राम लोचन सिंह, राजकुमार मंडल, जगरनाथ पासवान, नवल किशोर सिंह, राम सजन राय, रंजीत सिंह, अरविंद्र राय, पाचू महासेठ, मोहम्मद राजू, मोहम्मद शाहिद, मनोज राय, सुधीर सहनी, सुनील राय और दीपू कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।












