-जलजमाव में गड्ढे में फंसा ई-रिक्शा पलटा, तीन यात्री बाल-बाल बचे
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के एनएच-57 स्थित बाजार समिति के समीप शुक्रवार को जर्जर सड़क और जलजमाव के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर पानी जमा होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देने से एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार तीन यात्री घायल हो गए। हालांकि, सभी को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार समिति के समीप एनएच-57 की सड़क लंबे समय से जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और बारिश के बाद भारी जलजमाव हो गया है। पानी भरे रहने के कारण वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं हो पाता। शुक्रवार को ई-रिक्शा इसी दौरान गहरे गड्ढे में चला गया और अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर सड़क पर पलटे ई-रिक्शा को सीधा किया और उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों को पास के स्थानीय चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में सड़क निर्माण विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जलजमाव और गड्ढों के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बावजूद इसके सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर विभाग की ओर से ठोस पहल नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है।












