Advertisement

राज्यपाल के विश्वविद्यालय पहुंचते ही हंगामा, मिलने की जिद पर अड़ा युवक हिरासत में; गेट पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

-राज्यपाल के विश्वविद्यालय पहुंचते ही हंगामा, मिलने की जिद पर अड़ा युवक हिरासत में; गेट पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

मुजफ्फरपुर। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन के आगमन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी समस्या लेकर राज्यपाल से मिलने की जिद पर अड़ गया। युवक विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर लगातार राज्यपाल से मुलाकात कराने की मांग करता रहा। इससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच भी कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
बताया गया कि राज्यपाल के विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचने के दौरान युवक अपनी शिकायत लेकर उनसे मिलना चाहता था। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और विश्वविद्यालय गेट के बाहर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाया और उसे थाने ले गए। इस दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं, कार्यक्रम के दौरान मीडिया की पहुंच को लेकर भी चर्चा रही। घटना के बाद यह सवाल उठने लगा है कि अपनी समस्या लेकर राज्यपाल से मिलने का प्रयास कर रहे युवक को मुलाकात का अवसर क्यों नहीं दिया गया और उसे हिरासत में लेने की जरूरत क्यों पड़ी।
हालांकि, युवक की शिकायत क्या थी और उसे हिरासत में लिए जाने का आधिकारिक कारण क्या है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान का इंतजार है। घटना ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की शिकायत सुनने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।