Advertisement

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 13 प्रमुख घटकों पर होगा फोकस

-17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 13 प्रमुख घटकों पर होगा फोकस

पटना। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव मौजूद रहे, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्य सचिव ने अभियान के सभी 13 प्रमुख घटकों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत राज्य के प्रत्येक घर और हर जिले के कम-से-कम 10 प्रमुख एवं प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों तक दीया पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दौरान अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) भी आयोजित की जाएगी। वहीं, ‘सेवा स्मरण’ के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योजनाओं पर आधारित 18 से 20 नाट्य टोलियां गठित कर स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक कराए जाएंगे। दो अक्टूबर को विशेष मंचन होगा।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन किया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद, बच्चों की मनोरंजक गतिविधियां तथा पोषण और स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर वास्तविक रील्स और लघु वीडियो तैयार कर जिला एवं राज्य स्तरीय डिजिटल डेटा बैंक बनाया जाएगा। वहीं, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इसमें ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक भाग लेंगे और समापन पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

‘वडनगर से वाराणसी (जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा)’ के बिहार से गुजरने के दौरान पड़ाव स्थलों पर स्वागत, सुरक्षा, ठहरने और स्थानीय लाभार्थियों से संवाद की व्यवस्था की जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई, वृक्षारोपण और स्वच्छता से जुड़ी 25 गतिविधियां संचालित होंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम-से-कम दो स्थलों पर प्रत्यक्ष बदलाव सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा। ‘सेवा के रंग’ के तहत नगर निकायों के प्रमुख स्थलों पर मानव रंगोली और चयनित शहरों में 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडला’ तैयार कर ड्रोन कवरेज कराया जाएगा।

‘नवाचार चुनौती’ के तहत उद्योग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स से स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत एवं नगर निकायों के सक्रिय और योग्य प्रतिनिधियों की सूची तैयार कर राज्यस्तरीय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के अंतिम घटक ‘25 साल, 25 कहानियां (राष्ट्रीय अनबॉक्सिंग)’ के तहत राज्य एवं जिला स्तर की प्रमुख उपलब्धियों की तथ्यात्मक सामग्री और क्यूरेटेड किट्स का राष्ट्रीय स्तर पर समयबद्ध समन्वय एवं वितरण किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि मुख्य अभियान के साथ 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी चलेगा। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज तथा नगर विकास एवं आवास विभाग से जुड़े कार्य किए जाएंगे। संबंधित विभागों को सभी मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने, सभी सरकारी भवनों का रंग-रोगन दिवाली तक कराने और स्वीकृत नए निर्माण कार्य मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने की समय-सीमा दी गई है।