Advertisement

मधुबनी में स्कूल परिसर में पिस्तौल लहराने के मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापक निलंबित

-मधुबनी में स्कूल परिसर में पिस्तौल लहराने के मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापक निलंबित

मधुबनी, 10 सितंबर। मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय हरिपुर गौड़ीदास टोल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नर्तकी द्वारा पिस्तौल लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मधुबनी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक भूषण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), फुलपरास निर्धारित किया गया है।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि विद्यालय परिसर में बिना प्रशासनिक अनुमति के मेला और नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। इस संबंध में प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, लेकिन विभाग के अनुसार उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।

शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापक पर कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और बिहार सरकारी सेवक आचार नियमों के उल्लंघन का आरोप मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।

वहीं, मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कलुआही के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि बिना अनुमति मेला और नृत्य कार्यक्रम आयोजित करने वाली संबंधित समिति तथा अन्य दोषियों के खिलाफ स्थानीय थाने में तीन दिनों के भीतर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।

स्कूल परिसर में हथियार लहराने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मामले में शामिल अन्य लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक गई है।