Advertisement

जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं में लेटरल एंट्री के लिए आवेदन शुरू, 30 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

-जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं में लेटरल एंट्री के लिए आवेदन शुरू, 30 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

नई दिल्ली। जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा नौवीं में लेटरल एंट्री के माध्यम से नामांकन के लिए चयन परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र विद्यार्थी आगामी 30 सितंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नवोदय विद्यालय समिति की ओर से चयन परीक्षा का आयोजन 10 अप्रैल 2027 को किया जाएगा।

प्रवेश परीक्षा में कक्षा आठवीं के स्तर के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र में गणित, सामान्य विज्ञान, अंग्रेजी और हिंदी विषय शामिल होंगे। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें गणित और सामान्य विज्ञान से 35-35 अंक तथा अंग्रेजी और हिंदी से 15-15 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे।

अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए कुल दो घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थी की ग्रामीण या शहरी स्थिति का निर्धारण कक्षा आठवीं में उसके अध्ययन क्षेत्र के आधार पर किया जाएगा। यदि किसी विद्यार्थी ने कक्षा आठवीं में एक दिन भी शहरी क्षेत्र के विद्यालय में अध्ययन किया है, तो उसे शहरी अभ्यर्थी माना जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को अपनी नवीनतम फोटो के साथ स्वयं और अभिभावक के हस्ताक्षर भी अपलोड करने होंगे। इसके अलावा आवेदन फॉर्म में अपार आईडी, पहचान संख्या और पैन कार्ड से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा। पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।