-मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी का मुख्य धंधेबाज राहुल पटेल अब भी फरार, संपत्ति जब्ती की तैयारी
मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील पांडेय गली स्थित एक मकान के ग्राउंड फ्लोर में खड़ी खुली जीप से अंग्रेजी शराब बरामदगी के मामले में मुख्य धंधेबाज राहुल पटेल अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए नगर थाने की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि राहुल पटेल शराब तस्करी के धंधे में पहले से सक्रिय रहा है। नगर थाना और उत्पाद विभाग की पूर्व की कार्रवाई में वह कई बार जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, जमानत पर बाहर आने के बाद वह दोबारा शराब तस्करी का नेटवर्क खड़ा कर लेता था।
जांच में यह भी पता चला है कि राहुल सामान्य शराब की बजाय उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ समेत अन्य राज्यों से महंगे और प्रीमियम ब्रांड की शराब की खेप मंगाता था। मोतीझील पांडेय गली स्थित मकान को कथित तौर पर उसने शराब छिपाने के लिए सेफ हाउस के रूप में इस्तेमाल कर रखा था।
पुलिस के अनुसार, राहुल अपने सहयोगी रोहित कुमार के माध्यम से शहर में ब्रांडेड शराब की होम डिलीवरी कराता था। ग्राहक की मांग पर शराब की आपूर्ति करने के लिए कथित तौर पर नेटवर्क तैयार किया गया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। साथ ही पुलिस राहुल पटेल के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और शराब तस्करी से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी से अर्जित संपत्ति का भी पता लगाया जा रहा है। इसके लिए अंचल और निबंधन कार्यालय से संपर्क कर राहुल पटेल समेत अन्य आरोपितों के नाम पर मौजूद संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस के अनुसार, राहुल पटेल के खिलाफ पूर्व में सीसीए-3 के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। बावजूद इसके उसके दोबारा शराब तस्करी में सक्रिय होने की बात सामने आई है। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के साथ पूरे शराब नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।












