Advertisement

समस्तीपुर रेल मंडल में 37 समपार फाटकों पर बनेंगे आरओबी, रेलवे खुद करेगा जमीन अधिग्रहण

-समस्तीपुर रेल मंडल में 37 समपार फाटकों पर बनेंगे आरओबी, रेलवे खुद करेगा जमीन अधिग्रहण

मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल में 37 समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने इन सभी परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए इन्हें विशेष रेल परियोजना का दर्जा दिया है। रेल मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी है।

परियोजना की विशेष निगरानी पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह करेंगे। इस योजना में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह किया गया है कि आरओबी निर्माण के लिए आवश्यक जमीन के अधिग्रहण की जिम्मेदारी अब राज्य सरकार के बजाय रेलवे स्वयं संभालेगा। इससे भूमि अधिग्रहण में होने वाली देरी को कम कर परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

समस्तीपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बेगूसराय, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, खगड़िया, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सुपौल जिलों में इन आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें दरभंगा और सहरसा जिले के कई महत्वपूर्ण एवं व्यस्त समपार फाटक भी शामिल हैं।

आरओबी बनने से रेलवे फाटकों पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान सड़क यातायात रुकने की समस्या कम होगी। इससे वाहन चालकों और आम लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ सड़क एवं रेल यातायात की सुरक्षा भी बेहतर होने की उम्मीद है।

इसके अलावा मधुबनी जिले में एक स्थान पर लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। रेलवे की ओर से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अपने स्तर से किए जाने के बाद परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है।