Advertisement

सभी रेलवे स्टेशनों पर होगी पानी की जांच, 14 दिन का विशेष अभियान

-सभी रेलवे स्टेशनों पर होगी पानी की जांच, 14 दिन का विशेष अभियान

मुजफ्फरपुर। यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मुजफ्फरपुर समेत समस्तीपुर रेल मंडल के सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर 14 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया गया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने मंडल के सभी इंजीनियरों को पानी की टंकियों, नलों और अन्य पेयजल स्रोतों की जांच कराने का निर्देश दिया है।

अभियान के दौरान सभी स्टेशनों पर उपलब्ध पानी की रासायनिक जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही पानी की टंकियों, पाइपलाइन, फिल्टर, वाटर कूलर और अन्य पेयजल उपकरणों की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। पानी की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे ने इसके लिए समस्तीपुर मंडल में विशेष कंट्रोल रूम बनाया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्टेशन पर दूषित पानी की सूचना मिलने पर तत्काल कंट्रोल रूम को जानकारी दी जाए। जांच के बाद स्टेशनवार कमियों और उनके समाधान की रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।

रेलवे बोर्ड के निर्देश के अनुसार पानी की सभी टंकियों को खाली कर उनकी सफाई और कीटाणुशोधन कराया जाएगा। टंकियों के वेंट और ओवरफ्लो प्वाइंट को भी सुरक्षित किया जाएगा। पेयजल और गैर-पेयजल पाइपलाइन के बीच क्रॉस कनेक्शन की भी जांच होगी। पानी की बर्बादी रोकने के लिए पाइपलाइन में लीकेज की पहचान कर उसे दुरुस्त किया जाएगा।

स्टेशनों पर जर्जर फ्रीजर और वाटर कूलर की भी मरम्मत कराई जाएगी। खराब फिल्टर, पाइप, नल तथा यूवी और आरओ सिस्टम को जरूरत के अनुसार बदला जाएगा। अभियान के तहत पानी के नमूनों की भौतिक, रासायनिक और जीवाणु संबंधी जांच कराई जाएगी। साथ ही प्रतिदिन अवशिष्ट क्लोरीन की निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 14 दिनों तक चलने वाले इस अभियान की रिपोर्ट के आधार पर स्टेशनों पर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ, सुरक्षित और मानकों के अनुरूप पेयजल उपलब्ध कराना है।