-MSKB स्कूल में चोरी और तोड़फोड़ के विरोध में सड़क पर उतरे छात्र, बनारस बैंक चौक जाम
मुजफ्फरपुर। शहर के MSKB विद्यालय में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को छात्रों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और बनारस बैंक चौक को जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों के सड़क पर उतरने से यातायात प्रभावित हो गया।
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। छात्रों के मुताबिक, दो दिन पहले विद्यालय से चार पंखे चोरी हुए थे।

इस मामले में गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में छात्रों व संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए थे। छात्रों का कहना है कि इसके बावजूद गुरुवार की रात विद्यालय परिसर से समर्सिबल मोटर भी चोरी हो गई।
लगातार चोरी की घटनाओं से नाराज छात्रों ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चोरी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई और विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
छात्रों के प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य कराने की कोशिश की जा रही है।












